सेवाजोहार (डिंडोरी):- स्कूली विद्यार्थियों में वन,पर्यावरण और वन्य प्राणियों के विषय में जन जागरूकता लाने के उद्देश्य से वन परिक्षेत्र डिंडोरी अंतर्गत जोगी टिकरिया में नर्मदा किनारे सन 1978 में स्थापित नर्सरी में दो दिवसीय अनुभूति कैंप का आयोजन वन विभाग द्वारा किया गया। हालांकि अब इस परिसर को नगर वन के रूप में विकसित किया जा रहा है।वन मंडल अधिकारी सामान्य अशोक सोलंकी के निर्देशन में गुरूवार और शुक्रवार को आयोजित अनुभूति कार्यक्रम मे विधायक डिंडोरी ओमकार मरकाम,जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, जिला पंचायत सदस्य हीरा रुदेश परस्ते, एसडीओपी सतीश द्विवेदी, उपवन मंडल अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, परिक्षेत्र अधिकारी अतुल सिंह, कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे, प्रषिक्षु रेंजर शशि प्रकाश पांडे, डिप्टी रेंजर ईश्वर सिंह परस्ते सहित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय धमनगांव, कस्तूरबा कन्या शाला, पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय डिंडोरी और हाई स्कूल मुड़की के 250 विद्यार्थियों सहित सभी विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के दल का नेतृत्व करते हुए वर्ष 1978 में जोगी टिकरिया में स्थापित नर्सरी की सैर कराई और छात्रों को मकड़जाल, दीमक की बामी, सूखे कटे हुए ठूठ की उपयोगिता, पक्षियों व कीटों का महत्व, जैव विविधता व पारिस्थिति तंत्र की जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही जंगल में बरगद, पीपल, नीम, आम, जामुन, इमली आदि पौधों से मिलने वाली आक्सीजन की मात्रा के साथ जल प्रबंधन की तकनीकी पद्वतियों से भी बच्चों को अवगत कराया। इस दौरान वन अमले ने नर्सरी को वर्तमान में नगर वन के रूप में विकसित करने की जानकारी भी दी। नगर वन क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विद्यार्थियों ने नर्सरी में स्थापित पेड़ों की प्रजातियों को पहचानने के तरीके, पक्षियों व जानवरों की आवाज निकालकर, उनकी पहचान करना भी सीखा। कार्यक्रम में बच्चों ने सीखी गई जानकारी की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम के दौरान वन अमले ने प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग के नुकसान की जानकारी देकर कपड़े की थैली और पोटरी बनाने की तरकीब भी छात्रों को सरल अंदाज में सिखाई। अनुभूति कार्यक्रम मे शामिल विद्यार्थियों को वन विभाग द्वारा कैप, पुस्तक, पेन, बैग प्रदान किये गए। कार्यक्रम के अंत मे रेंजर अतुल सिंह ने विद्यार्थियों को वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
वन विभाग द्वारा अनुभूति कार्यक्रम आयोजित: चार विद्यालयों के 250 विद्यार्थियों ने ली पर्यावरण सुरक्षा की शपथ
Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news