बच्चों को मिली खूब प्रशंसा
सेवाजोहार (डिंडोरी):- विद्यालय के पूर्व छात्रों और पालकों ने मिलकर शा.प्रा.विद्यालय शिकारी टोला भालापुरी के वार्षिकोत्सव को बड़े ही रोचक तरीके से आयोजित किया। विद्यालय की प्रधान अध्यापिका उमा उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय में अध्ययन रत बच्चों के माता-पिता , पूर्व छात्र/छात्राएं, शाला प्रबंधन समिति ने मिलकर अपने विद्यालय का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया. सभी ने अपने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए तन मन धन से सहयोग किया । इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठ जन एवं विद्यालय के लिए जमीन दान देने वाले परिवार के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती का पूजन अर्चन कर एवं बाल देवो भव के उपासक गिजुभाई जी के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में : पूर्व विकास खंड शिक्षा अधिकारी एवं वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य जे एस कुशरे,एपीसी अकादिमक एवं पूर्व बीईओ रहे एवं वर्तमान में कन्या परिसर के प्राचार्य शशिभूषण बघेल, सुनील शुक्ला ब्लॉक अध्यक्ष आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ,कन्या हायर सेकंडरी स्कूल की प्राचार्य सत्यवती सोनी , एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मारगांव के प्रधान पाठक डी के दुबे ,शिक्षक दिनेश भरडे,एकीकृत प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी सुमंत्री उद्दे, माध्यमिक विद्यालय पिपरिया के अतिथि शिक्षक तीरथ सिंह ठाकुर ,बैगा टोला तितराही के प्रभारी महेंद्र कुमार धुर्वे एवं कृष्ण कुमार मरावी उपस्थित रहे। अपने विद्यालय की वार्षिक कार्ययोजना एवं बाल देव भव के उपासक गिजुभाई के आदर्शों पर संस्था प्रमुख द्वारा विस्तृत प्रकाश डाला गया।
शाला की विभिन्न परेशानियों को भी समुदाय के सामने प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर बच्चों ने सास्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये ।
पूर्व छात्र/छात्राओं ने भी अपनी-अपनी प्रस्तुति दी ।बच्चों ने खूब तालियां बटोरी। समुदाय के द्वारा सभी बच्चों को उनकी सुंदर प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया। पालकों द्वारा सभी के सहयोग से मिलकर सहभोज की व्यवस्था की गई ।
शाला प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष टीकाराम कुशराम, भगवत दास सोनवानी, ज्ञानवती आर्मो, इंदु बघेल, चरण कुमार कुलेश, रजनी मसराम एवं वर्तमान अध्यक्ष रूपदास गायकवाल सभी ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर कार्यक्रम अंजाम दिया।
वार्षिकोत्सव के सफल आयोजन में विद्यालय के पूर्व छात्र ,शाला प्रबंधन समिति ,बाल केबिनेट, साथी शिक्षिका कल्पना उइके ,ग्राम के वरिष्ठ जन एवं रसोइयों का विशेष सहयोग रहा।
वर्ष भर आयोजित होने वाली गतिविधियों के लिए विद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र ,कॉपी, पेन कम्पास पुरस्कार के रूप में प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया । कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज हुआ.