सेवाजोहार(डिंडौरी) पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में प्रकृति के प्रति लगाव विकसित करने के उद्देश्य से जिले के प्रतिष्ठित मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डिंडौरी में शनिवार, दिनांक 25/07/2026 को एक विशेष “बैगलेस डे” का आयोजन किया गया।
इस दिन बालवाटिका के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं से हटकर रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की सबसे खास पहल रही “हरित भविष्य” थीम पर आधारित सामूहिक पौधारोपण। बच्चों ने अपने छोटे-छोटे हाथों से विद्यालय परिसर में फलदार और छायादार पौधे लगाए।
रोपित पौधों में आम, नींबू, अनार, यूकेलिप्टस के साथ-साथ गुलाब, चंपा, चमेली और विभिन्न शो-पीस पत्तेदार पौधे शामिल थे। हर पौधे के साथ बच्चों ने उसे बड़ा करने और उसकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
विद्यालय परिवार ने इस पुनीत कार्य में सहयोग के लिए सभी सम्माननीय अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। अभिभावकों द्वारा बच्चों को इस गतिविधि के लिए प्रोत्साहित करना निश्चित रूप से उनके उज्ज्वल भविष्य और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने इको क्लब के तत्वावधान में चित्रकला, वाद-विवाद, निबंध लेखन और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण बचाने के संदेश को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ बच्चों को प्रकृति से जोड़ती हैं, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं।