10 दिन में दूसरी बार हुई वारदात, नल-जल योजना प्रभावित, पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान
डिंडौरी। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम देवरा में चोरों के हौसले बुलंद हैं। गांव की नल-जल योजना के पंप हाउस को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं। पंप हाउस से बिजली के तार चोरी होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आलम यह है कि बीते 10 दिनों में दूसरी बार और पिछले तीन महीनों में पांचवीं बार तार चोरी की वारदात सामने आई है।
बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। त्योहार के दौरान एक बार फिर पंप हाउस से तार चोरी होने के कारण गांव में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंप हाउस में लगातार चोरी होने को लेकर कोतवाली थाना में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी चोरों का नहीं पकड़ा जाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
सवाल यह है कि आखिर देवरा के पंप हाउस को बार-बार निशाना बनाने वाले चोर कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे? लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।