Monday, December 1, 2025

मंडला हुआ राममय,3000 रामभक्तों ने सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया, जगह जगह हुए भव्य आयोजन

सेवाजोहार (मंडला ) :-  अयोध्या में श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर समूचे मंडला जिले में उत्सव का वातावरण है। मंदिरों में विशेष पूजा पाठ, कीर्तन आदि का आयोजन किया गया। विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी विविध आयोजन किए गए जिससे समूचा जिला राममय प्रतीत हो रहा है।

मंदिरों में लोगों ने सुबह से ही पहुंचकर पूजन- अर्चन एवं संकीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके अलावा नागरिकों ने भी जगह- जगह भंडारे एवं प्रसादी वितरण का कार्यक्रम रखा गया। प्रातः से ही कीर्तन मंडलियां मंदिरों में भजन गायन कर रही हैं। विभिन्न जगहों पर धार्मिक कार्यक्रम, मंदिरों में साफ सफाई के कार्यक्रम आयोजित किये गए। श्रीराम की शोभायात्रा के कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। जहां राम भक्तों के द्वारा वाहन रैली, कलश यात्रा निकाली गई वहीं जगह-जगह सुंदरकांड एवं रामधुन के कार्यक्रम भी चल रहे हैं। हर जगह खास साज- सज्जा, विद्युत सजावट, भजन संध्या, शोभायात्रा, आतिशबाजी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से समूचा जिला राममय प्रतीत हो रहा है। समाचार लिखे जाने तक आयोजनों की श्रृंखला जारी है।

हुए विविध आयोजन :-आयोध्या में आयोजित भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंडला नगर में भी विविध आयोजन किए गए। सिंधी धर्मशाला में राम दरबार की स्थापना की गई। सनातन धर्मोत्सव समिति द्वारा वाहन रैली निकाली गई। हनुमान लला सेवा समिति द्वारा 3 हजार से अधिक लोगों द्वारा सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया गया। सूर्यकुंड सहित दर्जनों मंदिर में रामधुन तथा रामचरित मानस का पाठ किया गया। शाम के समय सभी मंदिरों तथा घाटों में हजारों की संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए तथा आतिशबाजी की गई। साथ ही महा आरती का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया।

अनेक स्थानों पर हुआ लाईव प्रसारण :-  आयोध्या में आयोजित भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का जिले में अनेक स्थानों पर एलईडी के माध्यम से लाईव प्रसारण किया गया। इस दौरान पूजन अर्चन, भजन कीर्तन, भंडारा तथा प्रसादी वितरण के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जानकारी के अनुसार मंडला नगर के रपटाघाट, बैगा बैगी चौक, रेडक्रॉस, बस स्टेंड, पड़ाव, बिंझिया, महाराजपुर, गांधी मैदान, सूर्यकुंड सहित अनेक स्थानों पर अयोध्या के कार्यक्रम को स्थानीय लोगों ने एलईडी पर देखा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे