डिंडोरी जिले की छोरिया छोरो से कम है के
सेवाजोहार (डिंडोरी):- कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन तथा सहायक आयुक्त जनजाति कार्य राजेंद्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में विभागीय शालेय खेल कैलेंडर 2025-26 के अंतर्गत फुटबॉल सब-जूनियर बालिका वर्ग में जिले की दो प्रतिभाशाली बेटियाँ आकांक्षा धुर्वे (पिता – संतोष सिंह) एवं यशवंती परस्ते (पिता – मिलन सिंह), कन्या मा. शाला शहपुरा, ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छह स्तरों—विद्यालय, विकासखंड, जिला, संभाग, विभागीय राज्य एवं शालेय राज्य स्तरीय—प्रतियोगिताओं में लगातार चयनित होकर राष्ट्रीय स्तर तक स्थान बनाया है।
खेल कौशल और दक्षता से प्रभावित होकर खेल विधा विशेषज्ञों ने दोनों छात्राओं का 69वीं राष्ट्रीय फुटबॉल स्पर्धा, रांची (झारखंड) के लिए चयन किया है। जिला क्रीड़ा प्रभारी जनजातीय कार्य विभाग पुरुषोत्तम सिंह राजपूत ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 11 से 15 दिसंबर 2025 तक नर्मदापुरम में आयोजित प्री-नेशनल कोचिंग कैंप में शामिल होंगी। इसके बाद वे 18 से 22 दिसंबर 2025 तक रांची में होने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कोच जागेश्वर नंदा के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच कर जिले का नाम रोशन करने पर सहायक आयुक्त जनजाति कार्य राजेंद्र कुमार जाटव, जिला क्रीड़ा प्रभारी पुरुषोत्तम सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम. के. राय, प्राचार्य यशवंत साहू, डॉ. डी. के. श्रीवास्तव, संदीप सोनी, खेल प्रशिक्षक रमा साहू, अनिल लोधी, जागेश्वर नंदा, नवीन खरगाल, दिलीप सोनवानी, शेरमेर खालको, परवेज खान, अमर साहू, विद्यालय स्टाफ सहित समस्त खेल प्रेमियों ने दोनों छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ और बधाई दी हैं।