सेवाजोहार (डिंडोरी):- मप्र के डिंडोरी जिला मुख्यालय में आज पेट्रोल की किल्लत ने अचानक हालात बिगाड़ दिए। शहर के चार से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की खबर फैलते ही आमजन में अफरा-तफरी मच गई। बाइक और चारपहिया वाहन चालक एक पंप से दूसरे पंप तक दौड़ते नजर आए। जैसे ही लोगों को पेट्रोल खत्म होने की सूचना मिली, वैसे ही शहर में पेट्रोल भरवाने की होड़ शुरू हो गई। लोगों के मन में यह चिंता साफ दिखी कि अगर जल्द सप्लाई नहीं पहुंची तो रोजमर्रा के काम प्रभावित हो सकते हैं।
डिंडोरी नगर में करीब 7 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें जैन पेट्रोल पंप, सोनी पेट्रोल पंप, जलाराम पेट्रोल पंप और साहू पेट्रोल पंप, परस्ते पेट्रोल पंप, बिलैया पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लगभग समाप्त हो गया। इसके चलते शहर में पेट्रोल के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। हालांकि, डीजल की उपलब्धता सामान्य बताई जा रही है।
पेट्रोल की कमी का असर सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी परेशान दिखाई दिए। नगर के बाहरी क्षेत्र में स्थित ज्योति पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोग घंटों इंतजार कर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
वहीं, पेट्रोल खत्म होने के पीछे लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव, विशेषकर अमेरिका और ईरान के बीच हालात का असर सप्लाई पर पड़ सकता है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द आपूर्ति बहाल करने की उम्मीद की जा रही है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।