Tuesday, July 14, 2026

पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उठाए सवाल

सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर शहपुरा विधानसभा से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है। विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर डिंडोरी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और गंभीर अपराधों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में युवतियों के लापता होने के मामले चिंता का विषय हैं। उनका कहना है कि ऐसे मामलों की प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी और समयबद्ध जांच होना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और लोगों का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
उन्होंने धावाडोंगरी की हालिया गंभीर घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि घटना जिला मुख्यालय से अधिक दूर नहीं थी, इसके बावजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का मौके पर नहीं पहुंचना लोगों में असंतोष पैदा करता है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी जांच की गंभीरता को दर्शाती है।
विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हुई एक हत्या की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि मामले की जांच और कार्रवाई की गति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता की अपेक्षा है कि प्रत्येक गंभीर अपराध में पुलिस तत्काल कार्रवाई करे, वरिष्ठ अधिकारी स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण करें और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अपने संदेश में विधायक ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शासन और पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि लापता युवतियों के मामलों सहित सभी गंभीर अपराधों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था पर जनता का भरोसा कायम रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे