सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले के शहपुरा में सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम से संबंधित कथित आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल ने शहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कर संबंधित युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बजरंग दल के महामंत्री हिमांशु अग्रवाल द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन के अनुसार, 13 जुलाई को सूचना मिली कि विवेक शर्मा नामक युवक अपने व्हाट्सएप स्टेटस और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर भगवान श्रीराम के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और चित्र साझा कर रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन पोस्टों से सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। संगठन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ कथित आपत्तिजनक पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इधर, घटना के बाद क्षेत्र में संबंधित युवक को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोगों द्वारा उसके निवास, पृष्ठभूमि और शहपुरा में उसके रहने संबंधी तथ्यों की भी जांच किए जाने की मांग की जा रही है। हालांकि, इन पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।