सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिला मुख्यालय स्थित देवरा-मुड़की मार्ग के बड़े पुल पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे लोगों ने महिला को नदी में डूबते देखा और तत्काल बचाव के प्रयास शुरू कर दिए।
इसी दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक योगेश कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना नर्मदा नदी में छलांग लगाकर महिला तक पहुंच बनाई। स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ग्राम कुकर्रामठ की निवासी है। सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद महिला ने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह पारिवारिक विवाद से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने RSS स्वयंसेवक योगेश कुमार के साहस और त्वरित निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और समय रहते की गई कार्रवाई से एक महिला की जान बच सकी।