सेवाजोहार (डिंडोरी):वन विभाग द्वारा जिला मुख्यालय की शारदा टेकरी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। इस दौरान वन अमले ने अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुये फलदार,औषधियुक्त और छायादार पौधों का रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
पौधों रोपण करने के के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश मोहम्मद सैय्यदुल अबरार अंसारी,न्याययिक दंडाधिकारी राम सिंह,सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आशीष केशरवानी ने ने उपस्थित जनों से अपील करते हुये कहा कि सभी को प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए पर्यावरण की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिये। उन्होंने पौधारोपण के साथ ही उनके ख्याल रखने और समय-समय पर पौधों को पानी देने की सलाह भी दी।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुये विधायक शाहपुरा ओम प्रकाश धुर्वे, विधायक डिंडोरी ओमकार मरकाम ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्य नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए जीवन दायिनी विरासत है। हम सबको मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प लेना चाहिए।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने आम नागरिकों को जागरूक करते हुये कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम को संबोधित करते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि पेड़ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार करते हैं। ये तनाव कम करने में मदद करते हैं।आयोजन के महत्व के विषय मे जानकारी देते हुये वन मंडल अधिकारी पुनीत सोनकर ने बतलाया कि पेड़ मिट्टी में नमी बनाए रखने के साथ पेड़ जलधाराओं को पुनर्भरित करते हैं और वन्यजीवों को आवास प्रदान करते हैं।उन्होंने बतलाया कि पेड़ पौधों के माध्यम से जैव विविधता को बल मिलता है।जिससे पेड़ों की जड़ें मिट्टी के कटाव को रोकती हैं।पर्यावरण के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर ने बतलाया गया कि अच्छी वर्षा और ऑक्सीजन के लिये पेड़ अनिवार्य हैं।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस,जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार,सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह राजपूत,मंडल अध्यक्ष आशीष वैश्य,पूर्व जिलाध्यक्ष अवध राज बिलैया,उप मंडल अधिकारी सुरेंद्र जाटव और सुनील अशोक सहित तमाम वन अमला मौजूद रहा।