सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिला मुख्यालय में वाहन चालकों से कथित वसूली और बच्चों से भरी स्कूल बस को थाने में खड़ा करने के मामले में घिरे यातायात प्रभारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहिनी सिंह (पुलिस अधीक्षक) ने यातायात व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग का जिम्मा विवेक कुमार गौतम (एसडीओपी बजाग) को सौंप दिया है।
सोमवार को जारी आदेश में उल्लेख किया गया कि एसडीओपी बजाग यातायात विभाग के कार्यों का निरंतर पर्यवेक्षण करेंगे। साथ ही निरीक्षक संतोष धुर्वे को भी इस कार्य में नियुक्त किया गया है, जो सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
आदेश जारी होने के बाद सोमवार दोपहर एसडीओपी विवेक कुमार गौतम यातायात थाने पहुंचे। उन्होंने यातायात कर्मियों और कोतवाली टीआई के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सामने आया कि शहर में संचालित ऑटो चालकों के लिए पार्किंग की समस्या सबसे बड़ी चुनौती है। इसे दूर करने के लिए विभाग जल्द ही नगर परिषद के साथ समन्वय स्थापित कर चयनित स्थानों पर पार्किंग और ऑटो स्टैंड तय करेगा।
वही डिंडोरी बाल कल्याण समिति ने यातायात प्रभारी को नोटिस जारी कर स्कूली बस को रोकने और इस दौरान बच्चों को हुए मानसिक परेशानी को लेकर नोटिस जारी किया हैं,अब देखना होगा कि यातायात प्रभारी द्वारा नोटिस का क्या जवाब दिया जाता हैं।