रामपाल सिंह मेमोरियल विशिष्ट शिक्षक सम्मान
सेवाजोहार (डिंडोरी):- दिनाँक 22सितंबर2025 को डिंडौरी ज़िलें के समनापुर विकासखंड अन्तर्गत *शासकीय प्राथमिक शाला शिकारी टोला (भालापुरी), विकास खण्ड- समनापुर की शिक्षिका सुश्री उमा उपाध्याय प्राथमिक शिक्षक को “रामपाल सिंह मेमोरियल विशिष्ट शिक्षक सम्मान” से सम्मानित किया गया है। रामपाल सिंह मेमोरियल फाउंडेशन द्वारा स्थापित एक विशेष सम्मान है, जिसका उद्देश्य ऐसे समर्पित शिक्षकों को पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करना है, जिन्होंने अपने अद्वितीय शिक्षण दृष्टिकोण, मेहनत और प्रतिबद्धता से विद्यार्थियों और समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
यह पुरस्कार स्वर्गीय राम पाल सिंह की शिक्षकों के अधिकारों और सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की निर्भीक पैरवी की विरासत को आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास है। इस सम्मान के माध्यम से फाउंडेशन यह संदेश देना चाहता है कि एक शिक्षक का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज की दिशा और भविष्य तय करने में निर्णायक भूमिका निभाता है। यह पुरस्कार उन शिक्षकों के प्रति आभार और सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपने आदर्श, सेवाभाव और नवाचार से शिक्षा के क्षेत्र को समृद्ध किया है। इस सम्मान के लिए भारत के सभी राज्यों से 20 शिक्षकों का चयन किया गया है जिसमें डिंडोरी जिले से सुश्री उमा उपाध्याय का चयन हुआ।ये जिले और प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
जिन्होंने हर कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए अपने विद्यालय के गरीब बच्चों के लिए समर्पित होकर अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही हैं। ये शिक्षिका ऐसी जगह काम कर रही है जहां न पक्की सड़क है,न स्कूल का भवन है। पालकों की सहायता से छप्पर बनाकर विद्यालय संचालित कर रहीं हैं और बच्चे भी खुश होकर सीख रहे हैं। इन्होंने अपने जिले से लेकर प्रदेश में अपनी मेहनत से एक अलग पहचान बनाई है और अब दूसरे प्रदेश में भी इन्होंने अपना परिचम लहराया है।
सम्मान स्वरूप चयनित शिक्षकों को ₹11,000 (ग्यारह हज़ार रुपए की धनराशि, प्रशस्ति पत्र , प्रतीक चिन्ह और शॉल प्रदान किया गया।