कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया से ग्रामीणों को उम्मीद
सेवाजोहार (डिंडोरी):- मप्र के आदिवासी जिला डिंडोरी के मेहदवानी विकासखंड की ग्राम राई में करोड़ों रुपये की लागत से स्वीकृत नल-जल योजना तीन साल बाद भी अधूरी पड़ी है। जून 2022 में स्वीकृत इस योजना को मार्च 2023 तक पूर्ण किया जाना था, लेकिन वर्ष 2026 शुरू हो जाने के बावजूद गांव के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। ग्रामीणों के बताए अनुसार हर वर्ष गर्मियों में जब जल स्तर नीचे चला जाता है तब राई के ग्रामीणों के लिए पानी इकट्ठा करना किसी जंग से कम नहीं होता। जब नल जल योजना के तहत गांव में निर्माण का काम शुरू हुआ था तो राई के ग्रामीणों को उम्मीद की किरण जागी थी कि अब वर्षों पुरानी पानी की समस्या से जल्द निजात मिलेगा,लेकिन वह उम्मीद भी अब टूटती नजर आ रही हैं,ठेकेदार और विभागीय इंजीनियर की मिली भगत से काम ठप्प पड़ा हैं,ऐसे में गर्मी भी फिर वही समस्या ग्रामीणों के सामने मुंह बाय खड़ी हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार द्वारा केवल पानी की टंकी का निर्माण किया गया है, जबकि पाइपलाइन और घरेलू नल कनेक्शन का कार्य अब तक नहीं हुआ। इसके चलते पूरी योजना ठप पड़ी है और ग्रामीण आज भी पीने के पानी के लिए कुएं और हैंडपंप पर निर्भर हैं।
गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे रोज़ाना दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। पानी की कमी के कारण गांव का स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने 181 हेल्पलाइन सहित कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इंजीनियर अफजल अमानुल्लाह खान ने बताया कि कार्य में लापरवाही पर संबंधित ठेकेदार को अब तक 15 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। कलेक्टर द्वारा भी समीक्षा बैठक में नाराज़गी जताई गई है। ठेकेदार को 28 फरवरी तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाएगी।
हैरत की बात है कि राई डिंडोरी से मंडला मार्ग के बीच का ग्राम है ,जो शहपुरा विधानसभा क्षेत्र में आता हैं,अधिकतर ग्रामीण या तो कांग्रेस पार्टी के समर्थक है या गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लेकिन राई गांव की वर्षो से पानी की समस्या को सुधारने कोई जनप्रतिनिधि आगे बढ़कर सामने नहीं आया। अब सूत्र बता रहे है कि ग्रामीण चुनाव के दौरान अपना मन भी बदलेंगे ताकि पार्टियों को सबक सिखाया का सके।
वही अब राई गांव के वाशिंदों को डिंडोरी जिले की संवेदनशील कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया से ही खासी उम्मीद हैं,जिनकी सकारात्मक कार्यप्रणाली का पूरा जिला कायल हैं।