सेवाजोहार (डिंडोरी):- आदिवासी बहुल और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों वाले जिले डिंडोरी के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जिले के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्र) को भारत सरकार के National Quality Assurance Standards (NQAS) के अंतर्गत राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन केंद्रों की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के उच्च स्तर को दर्शाता है।
हाल ही में भारत सरकार की राष्ट्रीय मूल्यांकन टीम द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया था। कठोर गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरते हुए जिले के तीन केंद्रों ने यह गौरव हासिल किया।
इन केंद्रों को मिला प्रमाणन
जल्दा – आकांक्षी विकासखंड बजाग का सुदूर वनांचल क्षेत्र
नेझर – आकांक्षी विकासखंड मेहंदवानी का महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र
भैंसवाही – अमरपुर विकासखंड में स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र
गुणवत्ता का राष्ट्रीय प्रमाण
NQAS प्रमाणन यह दर्शाता है कि इन केंद्रों में स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, ओपीडी सेवाएं, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड प्रबंधन तथा मरीजों के साथ व्यवहार जैसे सभी मानक राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता के अनुरूप पाए गए हैं। इससे जिले के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इस उपलब्धि पर डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।
कलेक्टर ने कहा कि यह उपलब्धि जिले की स्वास्थ्य टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। आने वाले समय में जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर प्रमाणित कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अंतिम छोर पर बैठे नागरिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस सफलता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा संबंधित विकासखंडों की मेडिकल टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। NQAS प्रमाणन मिलने के बाद इन केंद्रों को केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।