Tuesday, November 24, 2026

बुंदेला में अवैध रेत डंप पर खनिज विभाग की कार्रवाई, अब इंस्पेक्टर की रिपोर्ट का इंतजार

कार्रवाई के बाद भी विभाग ने नहीं दी आधिकारिक जानकारी, रेत डंप की मात्रा और जिम्मेदारों के नाम पर सस्पेंस बरकरार

सेवाजोहार(डिंडोरी):- जिले में रेत के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी खनिज विभाग की है, लेकिन विभाग की निष्क्रियता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसका फायदा उठाकर जिले में रेत के अवैध कारोबार और क्रेशर संचालकों की मनमानी के आरोप सामने आ रहे हैं।

ताजा मामला करंजिया विकासखंड के बुंदेला गांव का है, जहां कई दिनों से रेत का अवैध डंप रखे जाने की जानकारी सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक, इसकी सूचना खनिज विभाग को भी थी, बावजूद इसके लंबे समय तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

बताया गया कि मामले की जानकारी जिला खनिज अधिकारी अशोक नागले को फोन के माध्यम से वीडियो सहित उपलब्ध कराई गई। इसके बाद मौके पर स्वयं न जाकर जांच और कार्रवाई के लिए महिला खनिज निरीक्षक को भेजा गया। निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

हालांकि, कार्रवाई में कितनी मात्रा में रेत मिली, मौके पर कौन-कौन मौजूद था और किन लोगों के विरुद्ध क्या कदम उठाए गए, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

कार्रवाई के बाद भी रिपोर्ट का इंतजार

कार्रवाई के दूसरे दिन तक भी खनिज विभाग की ओर से मीडिया को विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। बताया जा रहा है कि जिला खनिज अधिकारी को महिला निरीक्षक की कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में कार्रवाई की वास्तविक स्थिति और आगे की प्रक्रिया को लेकर सवाल बने हुए हैं।

आखिर किसकी है अवैध रेत?

करंजिया क्षेत्र में रेत के अवैध भंडारण और कारोबार को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। बुंदेला में हुई कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि डंप की गई रेत किसकी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं? स्थानीय स्तर पर इस कारोबार में प्रभावशाली व्यक्ति मोटा भाई के शामिल होने की चर्चाएं भी हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। क्या खनिज अधिकारी और मोटा भाई का कोई खास कनेक्शन हैं कहा नहीं जा सकता!

अब देखना होगा कि खनिज विभाग जांच रिपोर्ट के आधार पर कितनी पारदर्शिता से कार्रवाई करता है और अवैध रेत के कारोबार में शामिल लोगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं। जिले की जनता को विभाग की आधिकारिक जानकारी और ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे