सेवाजोहार (डिंडौरी) : वनमंडल डिंडौरी (सामान्य) अंतर्गत All India Tiger Estimation (AITE) 2026 की महत्वपूर्ण प्रक्रिया का शुभारंभ कर दिया गया है। इस राष्ट्रीय स्तर की गणना के तहत जिले के वन क्षेत्रों में वैज्ञानिक पद्धति से वन्य प्राणियों की गतिविधियों का सटीक आंकलन किया जाएगा।
इस प्रक्रिया में वन्यजीव बहुल क्षेत्रों में विशेष रूप से कैमरा ट्रैप स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जहां 25 दिनों तक लगातार कैमरों के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जाएगा। यह आधुनिक तकनीक बाघ सहित अन्य वन्य प्राणियों की उपस्थिति, संख्या और उनके मूवमेंट को समझने में बेहद कारगर साबित होती है।
जिले का महत्वपूर्ण कान्हा–अचानकमार कॉरिडोर इस पूरी प्रक्रिया का केंद्र बना हुआ है, जो दक्षिण समनापुर, बजाग, पश्चिम करंजिया और पूर्व करंजिया वन परिक्षेत्रों से होकर गुजरता है। यह कॉरिडोर वन्य प्राणियों के लिए एक प्राकृतिक मार्ग के रूप में कार्य करता है और इसे कान्हा लैंडस्केप का अहम हिस्सा माना जाता है।
AITE 2026 के तहत जिले में कुल 100 ग्रिड ब्लॉक्स तैयार कर रणनीतिक रूप से विभिन्न स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं, जिससे हर क्षेत्र का विस्तृत और सटीक डाटा प्राप्त किया जा सके।
इस महत्वपूर्ण अभियान में कान्हा टाइगर रिजर्व की ओर से विशेष सहयोग और सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी तरीके से संपन्न हो सके।
यह पहल न केवल बाघों की संख्या के आकलन में मददगार होगी, बल्कि जिले के समृद्ध जैव विविधता संरक्षण की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित होगी।