सेवाजोहार (डिंडोरी):- प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का शानदार उदाहरण पेश करते हुए पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, धमनगांव (डिंडोरी) की छात्रा रिषिका द्विवेदी ने कक्षा 10वीं की CBSE बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
रिषिका की इस सफलता पर उनके परिजनों और शिक्षकों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे उनकी निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम बताया। उनके बड़े पापा बंशबहोर द्विवेदी (प्राचार्य, संदीपनी विद्यालय, नारिया) ने बताया कि रिषिका शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और समर्पित रही हैं।
वहीं, पिता डॉ. प्रदीप कुमार द्विवेदी (रजिस्ट्रार, मैकलसुता महाविद्यालय, डिंडोरी) ने बेटी की इस उपलब्धि का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। माता सुनैना द्विवेदी (BCM ब्लॉक, डिंडोरी) ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम बताया।
विद्यालय के प्राचार्य हर्ष प्रताप सिंह एवं समस्त स्टाफ ने रिषिका को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि रिषिका की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
रिषिका द्विवेदी की सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन के साथ हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।