भाजपा के वोट बैंक में सेंध लगाने अभिनव नई ऊर्जा से करेंगे काम
सेवाजोहार (डिंडोरी): मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए युवा नेता अभिनव चौरसिया (नट्टू) को डिंडोरी जिले की शहपुरा विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
अभिनव चौरसिया, जो मंडला जिले से सक्रिय युवा कांग्रेस नेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं, संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता और जमीनी पकड़ को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व को उनसे शहपुरा विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी चुनावों को लेकर रणनीतिक मजबूती की उम्मीद है।
गौरतलब है कि डिंडोरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार सिंह मरकाम हैं, जबकि फुंदेलाल को जिला प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डिंडोरी विधानसभा के प्रभारी के रूप में झल्लेलाल जैन को बनाया गया है।
अभिनव चौरसिया की नियुक्ति को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे संगठन को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों में तेजी आएगी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में शहपुरा विधानसभा में कांग्रेस और अधिक सशक्त होकर उभरेगी। इसके पहले भी शहपुरा विधानसभा में मेहनत कर अभिनव ने शहपुरा सीट जिताकर कांग्रेस की सीट में बढ़ोत्तरी की थी।