सेवाजोहार (डिंडोरी):- ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स कर्मचारी संघ जिला डिंडौरी द्वारा मंगलवार को आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर श्रम विभाग को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में कटौती, नौकरी की सुरक्षा और कंपनियों द्वारा कर्मचारियों के कथित शोषण सहित अन्य मुद्दों को ज्ञापन में उठाया।
संघ के जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश साहू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने, वेतन कटौती पर रोक लगाने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनका निराकरण आवश्यक है।
ज्ञापन में श्रम विभाग के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और संबंधित कंपनियों की कार्यप्रणाली की निगरानी करने की मांग भी की गई। संघ ने कर्मचारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश साहू, ओमप्रकाश यादव सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद रहे।