सेवाजोहार (डिंडोरी):- राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्याम सिंगौर के मार्गदर्शन में आंगनवाड़ी केंद्र रैतवार, सेक्टर करंजिया, परियोजना करंजिया में पोषण माह की थीम के अनुरूप विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सहभागी गतिविधियों के जरिए बच्चों को पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक की आयु के बच्चों के हितग्राहियों को टेक होम राशन (THR) का वितरण किया गया। साथ ही हितग्राहियों को THR के उचित उपयोग तथा बच्चों और माताओं के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं एवं परिवार के सदस्यों को बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं वृद्धि निगरानी, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा बच्चों के समुचित पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की। परिवारों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
पोषण जागरूकता और जनभागीदारी पर जोर
राष्ट्रीय पोषण माह के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण जागरूकता एवं जनभागीदारी के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।