Thursday, June 11, 2026

एशिया कप महिला हॉकी में सिवनी की नौसीन नाज ने बढ़ाया भारत का मान, दागे 12 गोल

एशिया कप की स्टार खिलाड़ी नौसीन नाज का कलेक्टर ने किया सम्मान

कांस्य पदक और 12 गोल की ऐतिहासिक उपलब्धि पर मिला सम्मान, रेडक्रॉस से 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

सेवाजोहार (सिवनी):- एशिया कप-2026 में भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन करने वाली जिले की होनहार खिलाड़ी नौसीन नाज का कलेक्ट्रेट परिसर में सम्मान किया गया। कलेक्टर नेहा मीना ने नौसीन से सौजन्य भेंट कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
नौसीन नाज ने एशिया कप-2026 में भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 गोल दागकर न केवल भारतीय टीम की सफलता में अहम योगदान दिया, बल्कि अपनी प्रतिभा का भी लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि से सिवनी जिले सहित पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर ने नौसीन को पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नौसीन की सफलता जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत, समर्पण और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर नौसीन नाज ने अपने संघर्ष, प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उनका सपना वर्ष 2032 के ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना है। उनके इस लक्ष्य और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कलेक्टर ने उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से नौसीन को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया। साथ ही उनके बेहतर अभ्यास और खेल प्रदर्शन के लिए हॉकी किट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
कलेक्टर ने नौसीन की दोनों बहनों तहुर नाज और तबारिका नाज, उनके माता-पिता, प्रशिक्षक तथा खेल विभाग को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में परिवार, कोच और सहयोगी संस्थाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
एशिया कप-2026 में नौसीन नाज का प्रदर्शन भारतीय महिला हॉकी के उज्ज्वल भविष्य की झलक है। उनके 12 गोल और कांस्य पदक की उपलब्धि ने उन्हें जिले की नई खेल प्रेरणा के रूप में स्थापित कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे