सेवाजोहार (डिंडोरी):– जिले में एक बार फिर 108 जननी एक्सप्रेस सेवा जीवनरक्षक साबित हुई। शाहपुर क्षेत्र के बरगई गांव से प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला लीला बाई को अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में ही प्रसव पीड़ा तेज हो गई। ऐसे में 108 एम्बुलेंस के चालक ओम प्रकाश कश्यप, ईएमटी संजय कश्यप और साथ मौजूद आशा कार्यकर्ता ने सूझबूझ, तत्परता और कुशलता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
जानकारी के अनुसार, बरगई गांव से लेबर पेन का कॉल मिलने पर डिंडौरी से तत्काल 108 एम्बुलेंस रवाना की गई। टीम ने समय पर गांव पहुंचकर गर्भवती महिला को सावधानीपूर्वक अस्पताल के लिए रवाना किया। लेकिन रास्ते में ही महिला की प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस स्टाफ ने बिना घबराए आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई और आशा कार्यकर्ता के सहयोग से महिला का सफल एवं सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों को तत्काल शाहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित और सामान्य बताई।
108 एम्बुलेंस के चालक ओम प्रकाश कश्यप, ईएमटी संजय कश्यप और आशा कार्यकर्ता की त्वरित कार्रवाई एवं सेवा भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की। समय पर लिए गए निर्णय और टीमवर्क के कारण एक सुरक्षित प्रसव संभव हो सका, जिससे मां और नवजात दोनों की जान सुरक्षित रही।