मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लिया संज्ञान
सेवाजोहार (डिंडोरी) भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर डिंडोरी जिले के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर मांग पत्र सौंपा।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बताया कि जिले के लगभग 87 गांव, टोला, पारा और मजरों में आज भी मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनमन योजना के तहत इन क्षेत्रों में 77 मोबाइल टावर स्थापित किए जा चुके हैं, लेकिन बीएसएनएल द्वारा अब तक उन्हें चालू नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को संचार सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
विधायक ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मामले का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मोबाइल टावरों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
ओमप्रकाश धुर्वे ने उम्मीद जताई कि बरसात के दौरान ही सभी 77 मोबाइल टावर चालू हो जाएंगे, जिससे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क, संचार सुविधा और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर त्वरित संज्ञान लेने और सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार भी व्यक्त किया।