सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले के विकासखंड डिंडौरी अंतर्गत ग्राम तेंदुमेर मोहतरा में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने खेत पहुंचकर किसानों से खेती-किसानी की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से खरीफ सीजन की तैयारियों, खेतों की जुताई, फसल की बुवाई, खाद-बीज की उपलब्धता तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाले लाभ पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि खरीफ सीजन में खाद एवं बीज खरीदने में काफी मददगार साबित होती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान मानसून को देखते हुए खेतों में कोदो-कुटकी सहित मोटे अनाज (मिलेट्स) की बुवाई तेजी से की जा रही है। किसानों का कहना था कि बाजार में मिलेट्स की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए इनके उत्पादन से बेहतर आमदनी की संभावनाएं बढ़ी हैं।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने, उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को अपनाने तथा मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मिलेट्स की खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और टिकाऊ कृषि की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
कलेक्टर ने किसानों से खेती से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को किसानों को समय पर आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।