Wednesday, August 19, 2026

Good Job : पगडंडी के रास्ते डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर प्रसूता को पहुंचाया एंबुलेंस तक, स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित प्रसव

सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले के विकासखंड मेंहदवानी के ग्राम कनेरी के मुरमी टोला में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कठिन परिस्थितियों के बीच मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल पेश की। प्रसव पीड़ा से जूझ रही प्रसूता को एंबुलेंस तक पहुंचने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर पगडंडी के रास्ते पैदल चलना पड़ा। स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों की मदद से प्रसूता को सुरक्षित रूप से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनेरी में भर्ती कराया गया। यहां सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

आशा कार्यकर्ता ने दी स्वास्थ्य विभाग को सूचना

जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को ग्राम मुरमी टोला निवासी प्रसूता गीता बाई पति  नरेश कुमार को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इस पर आशा कार्यकर्ता  मोहबाई ने मोबाइल के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। प्रसूता के घर तक एंबुलेंस पहुंचना संभव नहीं था, क्योंकि गांव तक जाने के लिए केवल पगडंडी मार्ग है। बारिश के कारण रास्ता और अधिक दुर्गम हो गया था। आशा कार्यकर्ता  मोहबाई और एएनएम विमला बिलखरे ने मामले की जानकारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रनमत सिंह परस्ते को दी। सूचना मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी एवं विकासखंड कम्युनिटी मोबिलाइजर मुरलीधर विराट के निर्देशन में एंबुलेंस टीम को तत्काल मुरमी टोला के लिए रवाना किया गया।

डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचाया एंबुलेंस तक

सुपरवाइजर जयंत परस्ते, ज्ञानदास लारिया और  मोहन सिंह मसराम की टीम रात करीब 7:30 बजे गांव पहुंची। लेकिन पगडंडी मार्ग होने के कारण एंबुलेंस प्रसूता के घर तक नहीं पहुंच सकी। ऐसी स्थिति में आशा कार्यकर्ता, एएनएम और परिजनों ने प्रसूता को करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चलकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद स्वास्थ्य टीम ने प्रसूता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनेरी पहुंचाकर भर्ती कराया।

स्वास्थ्य केंद्र में कराया सुरक्षित प्रसव

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनेरी में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती आकांक्षा पटेल एवं सुश्री स्नेहलता सोयाम ने प्रसूता का सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद नवजात को आवश्यक टीका लगाया गया और मां ने बच्चे को स्तनपान भी कराया।

वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय ने कठिन परिस्थितियों में तत्परता दिखाने वाली स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रनमत सिंह, कम्युनिटी मोबिलाइजर  मुरलीधर विराट, सुपरवाइजर  जयंत परस्ते,  ज्ञानदास लारिया,  मोहन सिंह मसराम, आशा कार्यकर्ता  मोहबाई, एएनएम  विमला बिलखरे तथा नर्सिंग ऑफिसर  आकांक्षा पटेल एवं  स्नेहलता सोयाम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

बारिश के बीच दुर्गम पगडंडी पर डेढ़ किलोमीटर का यह सफर सिर्फ एक प्रसूता को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास नहीं था, बल्कि समय पर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना की मिसाल भी बन गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे