योजनाओं की जानकारी से लेकर मौके पर समस्याओं के समाधान तक, शिविरों में आमजन को मिला सीधा लाभ
“जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता व शासन के बीच सेतु बनकर काम करें” — विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
सेवाजोहार, डिंडोरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से प्रशासन ने आमजन तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच आसान बनाने की पहल की। जिले के नगरीय क्षेत्रों सहित सभी विकासखंडों में आयोजित शिविरों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया।
जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविर आनंदम दीदी कैफे में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की गई।
इस अवसर पर डिंडौरी एसडीएम रामबाबू देवांगन, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक मंच पर योजनाओं का लाभ, आवेदनों का त्वरित निराकरण
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आवेदनों का निराकरण मौके पर संभव है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। वहीं शेष आवेदनों का संबंधित विभाग समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने आगामी त्यौहारों को देखते हुए नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जनता और शासन के बीच सेतु बनें जनप्रतिनिधि और अधिकारी
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य जनसेवा के प्रति संकल्पित होकर कार्य करना है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी आमजन तथा शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाएं, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरलता और शीघ्रता से हो सके।
उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण किया जाए। जो समस्याएं मौके पर हल नहीं हो सकीं, उनका भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर खुले संवाद का माध्यम बन रहे हैं और इनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
2550 आवेदन प्राप्त, 2321 का त्वरित निराकरण
सेवा संकल्प अभियान के तहत 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को आयोजित सेवा सेतु शिविरों में बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
3 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित शिविरों में करीब 2400 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 2321 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण के लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
वहीं 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में करीब 150 आवेदन प्राप्त हुए। इस तरह दोनों दिनों में कुल करीब 2550 आवेदन प्राप्त हुए। शिविरों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और पात्र नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
मौके पर हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया गया।
जल प्रदाय योजना के तहत 7 हितग्राहियों को नल कनेक्शन दिए गए।
राजस्व विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों के नामांतरण किए गए।
5 हितग्राहियों को प्रॉपर्टी आईडी का लाभ मिला।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 5 हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
5 हितग्राहियों को संबल कार्ड प्रदान किए गए।
5 हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र दिए गए।
बीएलसी योजना के तहत 10 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
करंजिया में 573 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा सेतु अभियान के तहत 3 अक्टूबर को विकासखंड करंजिया के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 573 लोगों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इनमें 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 217 पुरुष एवं 190 महिलाएं शामिल थीं। इसके अलावा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 21, 5 से 18 वर्ष के 34 तथा 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 111 लोगों का पंजीयन किया गया। शिविर में 407 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर जांच, 117 लोगों की एनीमिया जांच और 50 लोगों की सिकल सेल जांच की गई। गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के साथ आवश्यक विटामिन एवं अन्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए। इसके अलावा 120 लोगों की विभिन्न जांच तथा 135 लोगों की खखार एवं एक्स-रे जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 फूड बास्केट का वितरण भी किया गया।
आंखों की जांच के बाद 109 हितग्राहियों को मिले चश्मे
स्वास्थ्य शिविर में 117 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें आवश्यकता के अनुसार 109 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ दिलाने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान 3 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।
वहीं जन्मजात विकृति एवं दिव्यांगता से संबंधित 3 प्रकरण सामने आए, जिन्हें आवश्यक उपचार के लिए रेफर किया गया।
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं, स्वास्थ्य जांच, परामर्श और समस्याओं के निराकरण की सुविधा मिली। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को कागजों से निकालकर सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और प्रशासन को जनता के और करीब लाना है।