आत्मनिर्भर नारी गर्व से पहने साड़ी
सेवाजोहार (डिंडोरी):- संत रविदास मप्र हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमिटेड के तत्वाधान में साड़ी वॉकथॉन का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी से आनंदम दीदी कैफे तक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में भारतीय परिधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं भारतीय संस्कृति को संरक्षित करना था। साथ ही महिला सशक्तिकरण का सन्देश देना भी इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था।
आज इस साड़ी वॉकथॉन कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य ज्योतिप्रकाश धुर्वे, नगर परिषद उपाध्यक्ष सारिका नायक, सीईओ जिला पंचायत विमलेश पेंन्द्रो, रुपाली जैन, कीर्ति गुप्ता, ज्योति चौकसे, श्वेता जैन सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
वॉकथॉन को नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस और जिला पंचायत सदस्य ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रैली का पहला पड़ाव दीनदयाल चौक पर था। जहाँ रुपाली जैन ने डिंडौरी गौरव लहरी बाई के बारे में बताया कि लहरी बाई ने बीज बैंक का निर्माण कर पूरे देश मे ख्याति प्राप्त कीं हैं।
वॉकथॉन आगे बढ़ कर दूसरे पड़ाव पर भारत माता चौक पहुंची। जहां पर पर्यावरण संरक्षक उजियारो बाई के प्रकृति के लिए योगदान का वर्णन किया। इसके बाद मुख्य बस स्टैंड पर अपने तीसरे पड़ाव पर पहुंची। जहाँ सरिका नायक ने जिले की गोंडी पेंटिंग कलाकार नरबदिया बाई के बारे में बताया कि निःशक्तता को बाधा न मानते हुए उन्होंने मुँह से गोंडी पेंटिंग बनाकर जिले का मान बढ़ाया।
बस स्टैंड से रैली दीदी कैफे पहुंची जहाँ सभी महिलाओं का स्वागत फूलमाला से किया। दीदी कैफे में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीदी कैफे में सिग्नेचर वाल पर सभी दीदीयों ने अपने हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराईं। जिसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय की बालिकाओं ने नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अम्मा नीमा बाई का सम्मान जिला पंचायत सीईओ ने किया, नीमा बाई पिछले 30 वर्षो से जिले में नर्मदा परक्रिमावासियों को निशुल्क भोजन करवा रही हैं।
कार्यक्रम में रैंप वॉक का भी आकर्षण रहा, जिसमे महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों के अलग अलग साड़ी परिधानों को प्रस्तुत किया। जिसमें महाराष्ट्रीयन, बंगाली, भारतीय, जिले की आदवासी साड़ी परिधान विशेष रहे। रैंप वॉक में सभी महिलाओ ने भाग लिया और मंच से नारी शक्ति का सन्देश दिया। रैंप वॉक के तहत पहला पुरुस्कार महाराष्ट्रीयन परिधान के लिए ज्योति नामदेव, दूसरा पुरुस्कार डिंडोरी आदिवासी परिधान के लिए मेघा बलराम, तृतीय पुरुस्कार महाराष्ट्रीयन परिधान के लिए श्वेता वानखड़े को मिला।
कार्यक्रम का समापन सीईओ जिला पंचायत विमलेश पेंन्द्रो ने सम्बोधित कर किया और सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनायें दी।