कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई समय सीमा की बैठक
सेवाजोहार (डिंडोरी):– कलेक्टर हर्ष सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक ली। उन्होंने विभागवार संचालित योजनाओं एवं कार्य प्रगति की समीक्षा की। उक्त बैठक में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, सीईओ जिला पंचायत विमलेश सिंह, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग आर पी तिवारी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने राजस्व विभाग के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व प्रकरण पंजीयन एवं निराकरण की स्थिति का अवलोकन कर उपखंड के आधार पर नक्शा तरमीम, सीमांकन, ई-केवाईसी आदि की जानकारी ली। उन्होंने गत सप्ताह किए गए कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया एवं लंबित प्रकरणों की मॉनीटरिंग कर त्वरित निपटान करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने तहसील न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का निपटान करने के लिए तहसीलदारों को न्यायालय के निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया।
पीएम जनमन की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने पीएम जनमन के तहत संबंधित विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए पीएम जनमन आवास, विद्युत आपूर्ति, पीएम स्वनिधि, आंगनबाड़ी, आयुष्मान भारत कार्ड, नलजल, आदि की जानकारी ली। उन्होंने पीएम जनमन आवास के तहत गत सप्ताह की प्रगति की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि पिछले सप्ताह 143 आवास पूर्ण हुए हैं। कलेक्टर हर्ष सिंह ने जनमन आवास के तहत द्वितीय एवं तृतीय किस्त की राशि के संबंध में जानकारी ली। और उन्होंने समस्त सीईओ जनपद को आवास निर्माण कार्य में गति लाने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर हर्ष सिंह ने जनमन योजना के तहत एमपीईबी के कार्यों की समीक्षा की। और आगामी महीने में योजनागत तरीके से साप्ताहिक लक्ष्य बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। पीएमस्वनिधि एवं पीएम आत्मनिर्भर स्ट्रीट वेंडर योजना के तहत जारी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए तीनों चरण में स्वीकृत व लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। जिसमें विभाग द्वारा बताया गया कि कैंप का आयोजन कर निरंतर लक्ष्यों की प्राप्ति की जा रही है।
राशन वितरण की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले में राशन वितरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने एमडीएम, कल्याणकारी योजना, आईसीडीएस के तहत किए जा रहे राशन वितरण कार्य की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि सभी शासकीय वितरण दुकानों में आपूर्ति की जा रही है। कलेक्टर हर्ष सिंह ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी हॉस्टल, आंगनवाडी, पीडीएस शॉप आदि में आपूर्ति उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने तहसीलदारों को भी पीडीएस शॉप का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने गत सप्ताह की स्वास्थ्य सुविधाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, ओआरएस वितरण की जानकारी विकासखंड के आधार पर की। उन्होंने सीएमएचओ से वर्तमान में भर्ती रोगियों के संबंध में जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि भर्ती मरीजों में गंभीर रोग नहीं हैं। कलेक्टर हर्ष सिंह ने सिकल सेल एनीमिया की विकासखंड स्तर पर स्क्रीनिंग बढ़ाने एवं तय लक्ष्य मार्च 2025 तक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निर्देशित किए। कलेक्टर हर्ष सिंह ने आयुष्मान कार्ड की बनाने के लिए आयोजित किए जा रहे कैम्पों के स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना, डायलिसिस योजना, क्षय रोग, डेंगू, मलेरिया आदि के संबंध में भी जानकारी ली। और तय लक्ष्य की प्राप्ति करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने आधार अपडेट कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और ई-गर्वनेंस विभाग को संयुक्त रूप से कैंप संचालन करने के लिए निर्देशित किया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने विद्यालयों में पुस्तक वितरण की स्थिति की जानकारी ली। जिसमें बताया गया कि पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त विद्यालयों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। और क्षतिग्रस्त विद्यालयों की मरम्मत करने के लिए पीडब्ल्यूडी और अन्य निर्माण कार्य विभाग के साथ समन्वित कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
भूमि आवंटन की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने विकासात्मक कार्यों के लिए भूमि आवंटन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि भूमि आवंटन के मामलों में राजस्व विभाग के साथ कार्य करते हुए विकासात्मक कार्यों की प्रगति को बढ़ाएं। और संबंधित लंबित प्रकरणों को त्वरित रूप से निपटाएं जिससे कार्यों में प्रगति आ सके।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने इसके साथ ही पेंशन प्रकरण, छात्रवृति वितरण, आहार अनुदान योजना, वन अधिकार पट्टे, बिरसामुंडा स्वरोजगार योजना, टंटया मामा आर्थिक कल्याण योजना, मिलेट मिशन सहित अन्य विभागों की समीक्षा की।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के तहत विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिक लंबित प्रकरणों को प्रतिदिन बैठकर निपटारा करने के निर्देश दिए। साथ ही समय सीमा के अन्य प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों को समय में पूरा करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।
अन्य निर्देश
कलेक्टर हर्ष सिंह ने सभी विभागों को न्यायालयीन लंबित मामलों का निराकरण करने के लिए निर्देश दिए। साथ ही विभागीय फाइलों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।