मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र का मामला, स्टोन क्रेशर संचालक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; ग्रामीणों ने पहले भी प्रशासन से की थी शिकायत
सेवाजोहार (मंडला):- मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खमतरा में संचालित एक स्टोन क्रेशर में ब्लास्टिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर में बिना निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किए ब्लास्टिंग की जा रही है। तेज धमाकों के कारण आसपास स्थित पक्के मकानों की दीवारों में दरारें आने की बात भी सामने आई है। इससे स्थानीय रहवासी भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि ब्लास्टिंग जैसी संवेदनशील गतिविधि के बावजूद संबंधित घुघरी थाना पुलिस को इसकी सूचना तक नहीं दी गई। सेवाजोहार एमपी-सीजी की टीम ने जब घुघरी थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन से इस संबंध में जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि स्टोन क्रेशर में ब्लास्टिंग किए जाने की कोई सूचना उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर में विस्फोट के दौरान बारूद की मात्रा और सुरक्षा मानकों का भी समुचित ध्यान नहीं रखा जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और तकनीकी जांच होना बाकी है।
पहले भी प्रशासन से कर चुके हैं शिकायत
स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर पूर्व में मंडला एसडीएम को लिखित शिकायत भी दी थी। शिकायत के बाद जिला मुख्यालय से राजस्व विभाग की टीम मौके पर जांच करने पहुंची थी, लेकिन जांच के बाद क्या निष्कर्ष निकला और संबंधित पक्ष को क्या निर्देश दिए गए, इसकी जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल सकी। अब ग्रामीण जांच की पारदर्शिता और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। वहीं, क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रेशर की गतिविधियों को लेकर खनिज विभाग की ओर से जांच और कार्रवाई की स्थिति भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

हादसा हुआ तो जिम्मेदारी किसकी होगी?
ग्रामीणों के मुताबिक, बीते दिनों भी क्रेशर में तेज ब्लास्टिंग की गई थी, जिसकी धमक आसपास के घरों तक महसूस हुई। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि ब्लास्टिंग के दौरान किसी मकान को गंभीर नुकसान पहुंचता है या कोई व्यक्ति दुर्घटना का शिकार होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
फिलहाल ग्रामीणों की मांग है कि जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर ब्लास्टिंग की अनुमति, सुरक्षा मानकों, विस्फोटक की मात्रा और मकानों को हुए नुकसान की जांच करें तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें।
ब्लास्टिंग से जुड़े इस मामले की अगली कड़ी में होगी विस्तृत पड़ताल। जुड़े रहिए सेवाजोहार के साथ।