सेवाजोहार (डिंडोरी):– कलेक्टर हर्ष सिंह ने शुक्रवार को जिले के पर्यटन स्थलों को बेहतर करने एवं जिले में पर्यटन क्षेत्र की सम्भावनाओं को गति देने के उद्देश्य से विकासखंड समनापुर के हल्दीकरेली का निरीक्षण किया, हल्दीकरेली एक प्राकृतिक पर्यटन स्थल है, जहां बुढनेर नदी छोटे-छोटे जलप्रपात बनाती है। कलेक्टर हर्ष सिंह ने पर्यटन से सम्बंधित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए स्थल का जायजा लिया। इस दौरान बिलाईखार ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि हल्दीकरेली प्राकृतिक स्थल है, जहां पर मकर संक्रांति पर मेला का आयोजन भी किया जाता है। स्थल पहुंच मार्ग में पुलिया न होने से पर्यटकों को असुविधा होती है।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने हल्दीकरेली पहुंच मार्ग पर पुलिया निर्माण, स्वच्छता के लिए डस्टबिन आदि की व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि हल्दीकरेली में पर्यटन क्षेत्र में बढावा देने के लिए आवश्यक कार्य सुनिश्चित कराये जाएं। इसी तरह जिले के अन्य पर्यटन स्थलों का विस्तार किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जनपद अध्यक्ष पावनती कुसराम, सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, वनमण्डल अधिकारी उत्पादन हरिओम, एसडीओ आरईएस कशिश नायक, प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत समनापुर लोकेश नारनोरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।