सेवाजोहार (डिंडोरी):- नीति आयोग भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा जिला डिंडोरी के जनपद पंचायत बजाग के अंतर्गत आने वाले वन ग्राम चाड़ा को आदर्श ग्राम बनाने की पहल जारी है जिसमें सरकार द्वारा पी एम जन मन के अंतर्गत आने वाली सभी योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए शत प्रतिशत प्रयास किए जा रहे हैं। अनुविभागीय अधिकारी बजाग भारती मेरावी की अध्यक्षता में तहसील कार्यालय बजाग़,आकांक्षी ब्लॉक के आदर्श ग्राम चाड़ा को आदर्श ग्राम बनाने हेतु ग्राम चाड़ा की प्रगति रिपोर्ट के लिए खंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में आयुष्मान कार्ड,आधार कार्ड, संभल कार्ड, पीएम विश्वकर्मा योजना, हितग्राहियों को शौचालय, सिकल सेल,समग्र आईडी, जाति प्रमाण पत्र, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, हर घर टेप वॉटर कनेक्शन, हर घर बिजली, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी सभी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने व लाभ दिलाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई तथा आजीविका मिशन के द्वारा 10वीं एवं 12वीं पास विद्यार्थियों को कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए योजना तैयार की गई वन धन केंद्र को संचालित करने के लिए विभागीय योजना बनाई गई। बैठक में मुख्य रूप से भरत सिंह तहसीलदार बजाग, अभिषेक सिंह रेंजर बजाग़, तीरथ परस्ते खंड शिक्षा अधिकारी, बी एस तिलगम सहायक यंत्री बजाज, डॉ विकास जैन आकांक्षी ब्लॉक फेलो बजाग एवं खंड स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द सभी योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत पहुंचाने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी द्वारा दिए गए।