किसानों को उनका हक़ दिलाकर ही रहेगी कांग्रेस – पट्टा
सेवाजोहार (मंडला):- भाजपा सरकार के द्वारा विधानसभा चुनाव 2023 में संकल्प पत्र जारी करते हुए किसानों की धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपए प्रति क्विंटल एवं गेंहू का समर्थन मूल्य 2700 रूपए प्रति क्विंटल दिए जाने का वादा किया गया था। महामहिम राज्यपाल जी द्वारा भी विधानसभा बजट सत्र 2023-24 में अपने अभिभाषण में इस आशय की प्रतिबद्धता जाहिर की गई थी और प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा भी इस घोषणा को पूर्ण करने की बात अनेको बार लगातार कही गई है और कही जा रही है लेकिन खुद को किसानों का हितैषी बताने वाली भाजपा सरकार अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग नहीं है और न ही किसानों को दिए अपने वचन को पूर्ण करने की दिशा में कोई कदम उठा रही है। एक वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है जिसमें विगत वर्ष की धान व गेंहू की खरीदी हो चुकी है लेकिन गत वर्ष भी किसानों को घोषित समर्थन मूल्य पर खरीदी नहीं की गई और न ही इस वर्ष इस सम्बन्ध में कोई निर्देश जारी किये गए हैं।
किसानों की धान की खरीदी 3100 रूपए प्रति क्विंटल एवं गेंहू की खरीदी 2700 रूपए प्रति क्विंटल किया जाना भाजपा सरकार की ही घोषणा है और सरकार ही इसे पूर्ण करते हुए दिखाई नहीं दे रही है। यह किसानों के साथ सरकार की वादाखिलाफ़ी है, जिसका हर स्तर पर विरोध हो रहा है। हमारी कांग्रेस पार्टी ने किसानों के अधिकार की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ने की शुरुआत कर दी है, इस किसान न्याय महाअभियान को लेकर हम विधानसभा बिछिया के प्रत्येक ब्लॉक लेवल पर ज्ञापन सौंपने से इसकी शुरुआत कर रहे हैं।आगामी दिनों में हमारा हर कार्यकर्त्ता प्रत्येक खरीदी केंद्र तक जाकर किसानों से मिलेगा और उनके अधिकार की आवाज बुलंद करेगा। जनवरी माह में हम एक बहुत बड़ा किसान न्याय आंदोलन करेंगे जिसमें हजारों किसानों की मौजूदगी में सरकार की वादाखिलाफ़ी के विरोध में जंगी प्रदर्शन किया जायेगा। किसानों के अधिकार की यह लड़ाई किसानों के अधिकार उन्हें दिलाने तक जारी रहेगी। यह कहना है बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण सिंह पट्टा का, जिन्होंने रविवार को बिछिया मुख्यालय में किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपए और गेंहू का 2700 रूपए दिलाने को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिछिया द्वारा सौंपे गए ज्ञापन कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में कही। इस दौरान अनेक वक्ताओ ने किसानों की मांगो को लेकर अपनी अपनी बात कही।
ये हैं प्रमुख मांगे
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिछिया द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों की धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपए प्रति क्विंटल और गेंहू का समर्थन मूल्य 2700 रूपए करते हुए, इस वर्ष का भुगतान इसी दर से किया जाये। खरीदी केन्द्रो में किसानों के लिए पेयजल सुविधा सहित अन्य मुलभुत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँ। धान विक्रय के तीन दिन के भीतर किसानों को भुगतान कराया जाये। खरीदी केन्द्रो में धान की तुलाई सहित अन्य कार्यों के लिए कोई अतिरिक्त राशि न ली जाये और प्रति बोरा तय मानक से अधिक धान न ली जाये और ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही की जाये। ज्ञापन के माध्यम से सरकार को चेताया गया है कि यदि किसानों की इन मांगो का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो सभी कांग्रेस जन किसानों के साथ मिलकर सड़कों पर धरना आंदोलन प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
ये रहे उपस्थित
बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के साथ जोश सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदीप गोस्वामी जिला महामंत्री ,अशोक राजपूत, झुन्ना ठाकुर, रानू राजपूत नगर परिषद उपाध्यक्ष ,विकास ग्वले पार्षद, पार्षद नारायणी साहु ,अशोक ज्योतिषी जनपद अध्यक्ष शकुना उईके ,मेवा धुर्वे नरेश धुर्वे ,रामनाथ सरौते ,अमर मांडवे ,युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास साहु ,प्रणव लोध ,चमन यादव ,अक्षत झारिया प्रकाश ठाकुर भोला दास फकरुद्दीन खान शबीर खान विवेक पवार दादा भाई कमल ठाकुर विश्वकर्मा डमरू राजपूत सुनहर राजपूत रम्मू राजपूत महावीर यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।