जनकल्याण पर्व एवं सुशासन सप्ताह के तहत गांव-गांव में शिविरों का हुआ आयोजन
सेवाजोहार (डिंडौरी) : जिले के शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे शासन की योजनाओं को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से डिंडौरी जिले की ग्राम पंचायत बटौंधा, सरई, चिचरिंगपुर और पाकर बर्घरा में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान शिविरों में शामिल हुए। विधायक धुर्वे ने कन्या पूजन और सरस्वती पूजन कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें ग्राम पंचायत सरई रैयत में तिराहा से आवास टोला देवलाल के घर तक 7.4 लाख की लागत से निर्माण होने वाली 200 मीटर की सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसी प्रकार से विधायक धुर्वे ने ग्राम पाकर बर्घरा और बटौंधा में भी सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने आयोजित शिविरों को संबोधित करते हुए ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के बारे विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा की।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन आपके द्वार की संकल्पना को धरातल तक सुगम रूप से पहुंचाने के लिए चौथे सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही भारत सरकार एवं म.प्र. सरकार की चिन्हित हितग्राही मूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत सेचुरेशन एवं आमजन तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान 11 दिसम्बर 2024 से प्रारंभ होकर 26 जनवरी 2025 तक आयोजित किया जा रहा है।
विधायक ने आयोजित शिविर में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से पत्र हितग्राहियों को हित लाभ का वितरण किया। शिविर के माध्यम से हितग्राहियों के विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी स्वीकृत किये गए। जन कल्याण पर्व के तहत जनप्रतिनिधि और ग्रामीण अपनी सहभागिता निभाते हुए बड़ी संख्या में शिविरों में शामिल हो रहे हैं।