डिंडोरी और शहपुरा विधायक रहे मौजूद
सेवाजोहार (डिंडौरी) :- सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष अवधराज बिलैया, सांसद प्रतिनिधि नरेन्द्र राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष डिंडौरी आशा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष शहपुरा प्रियंका आर्मो, जनपद पंचायत अध्यक्ष करंजिया चरण सिंह धुर्वे, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, डीएफओ पुनीत सोनकर, सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने बैठक में नर्मदा विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाय, प्रधानमंत्री जनमन योजना, वन विभाग, पशुपालन विभाग सहित अन्य विकासात्मक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
जिसमें अपर नर्मदा परियोजना कार्य की जानकारी में बताया गया कि टोपोग्राफीकल सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। डूब प्रभावित कृषकों एवं परिसम्पत्तियों का सर्वेक्षण कार्य प्रगतिरत है। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि सभी जन को बांध का समर्थन करना चाहिए इसके लिए लोगों को बांध के लाभ के बारे में बताया जाए। उन्होंने कहा कि मुआवजा परिसम्पत्ति, सर्वे आदि कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं। सांसद कुलस्ते ने कहा कि संबंधित विभाग उचित सर्वे कर वास्तविक स्थिति बताएं कि बांध निर्माण से कितने ग्राम प्रभावित हो रहे हैं, पूर्णतः और आंशिक रूप से डूब क्षेत्र में आने वाले ग्रामों का सर्वे कर ग्रामीण स्तर तक जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सहमति बनाएं। लोगों को बांध के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आंशिक रूप से डूब क्षेत्र में आने वाले संभावित ग्रामों में निर्माण कार्यों को सतत रूप से किया जाए।
इसी प्रकार से राघोपुर एवं बसनिया बहुउद्देशीय परियोजना की विस्तार से जानकारी दी गई। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बिलगढ़ा और देवरगढ़ बांध में उचित कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि बांध द्वारा की जाने वाली विद्युत निर्माण के संबंध में जिले को प्राथमिकता दी जाए। सांसद कुलस्ते ने उक्त परियोजनाओं की कार्यप्रगति में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सांसद कुलस्ते जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं की भौतिक तथा वित्तीय प्रगति की जानकारी ली। जिसमें वृहद परियोजना, मध्यम परियोजना सहित अन्य जलाशयों पर प्रगतिरत कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। शहपुरा विधायक ने मुड़की जलाशय के तहत नहर कार्य को पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। सासंद कुलस्ते ने कहा कि संबंधित अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बांध का संयुक्त निरीक्षण करें।
सासंद कुलस्ते ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सिकिल सेल और एनीमिया के उपचार एवं रोकथाम के लिए जिले में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। साथ ही आयुष्मान कार्ड की प्रगति में तेजी लाने के संबंध में लक्ष्य को पूरा करने को कहा है। जिससे सभी पात्र हितग्राही भारत आयुष्मान कार्ड का स्वास्थ्य लाभ ले सकें। शहपुरा विधायक ओम्रपकाश धुर्वे ने जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वच्छता बेहतर करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय के अधीक्षक पर कार्यवाही की जाए, जिसके लिए सीएमएचओ प्रस्ताव प्रस्तुत करें। सांसद कुलस्ते ने स्वास्थ्य केन्द्रों में व्यवस्थाऐं ठीक करने के लिए आवश्यक निर्देश दिया।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। जिसमें उन्होंने समनापुर से बजाग, गोपालपुर से चाड़ा, मक्के से जमगांव, बिलगढ़ा से जवेदा स्कूल तक, जबलपुर से अमरकंटक, करंजिया से गारकामट्टा, बिछिया से कुटरई और कोहानी देवरी से मानिकपुर मार्ग की प्रशासकीय स्वीकृति भौतिक प्रगति और वित्तीय प्रगति की विस्तार से जानकारी लेते हुए तत्संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। विभिन्न विभागों में चल रहे लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों के बारे में जाना। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों को नियत समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के स्वीकृत, प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
जिसमें म.प्र. ग्रामीण सडक विकास प्राधिकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजनान्तर्गत निर्माण कार्य, संधारण कार्य और प्रधानमंत्री जनमन योजना अंर्तगत सम्मिलित विभागों के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग अंतर्गत वृक्षारोपण, वित्तीय वर्ष 2024-25 में कार्ययोजनाओं के क्रियान्वयन, किए गए वृक्षारोपण की सूची, अनुभूति कार्यक्रम, विगत तीन वर्षों में तेंदुपत्ता संग्रहण की जानकारी लेते हुए आगामी सत्र एवं दिए गए लक्ष्यों के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। सांसद कुलस्ते ने लंबित निर्माण कार्यों के संबंध में कहा कि संबंधित विभाग समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों पर पैनाल्टी लगाएं और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं, योजनाओं से किसी कारण वंचित रहे लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
सांसद कुलस्ते ने वन विभाग के तहत वन रेंजों में रूकने की व्यवस्था, चाडा का विस्तार करने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तरों पर अधोसंरचना में सुधार करें और साफ-सफाई पर ध्यान दें।
सांसद कुलस्ते ने पशुपालन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने गौशालाओं, बकरी इकाई, बैकयार्ड कुक्कुट इकाई, कडकनाथ इकाई, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना के बारे में जानकारी ली और भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों के संबंध में निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तरों तक पशुपालन और ऋण प्रदाय योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करें। एलडीएम सभी बैंकों के माध्यम से योजनाओं द्वारा दिए जा रहे ऋण को उपलब्ध कराते हुए, योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाएं।