सेवाजोहार (मंडला)- बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण सिंह पट्टा के नेतृत्व में 4 दिसंबर 2024 से किसान न्याय महाभियान प्रारम्भ किया गया है। जिसके प्रथम चरण में ब्लॉक कांग्रेस कमेटीयों ने अलग अलग तिथियों में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे और घोषित समर्थन मूल्य देने की माँग की। इसके बाद दूसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों को पम्पलेट देकर समर्थन मूल्य की लड़ाई लड़ने की जानकारी दी एवं गाँव गांव पहुंचकर किसानों से किसान न्याय अधिकार पत्र भरवाये हैं। बिछिया विधानसभा में अबतक 25000 से अधिक किसान न्याय अधिकार भरे जा चुके हैं। कुल 30400 किसान न्याय अधिकार पत्र भरवाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। इन सभी किसान अधिकार पत्रों को 22 जनवरी को आयोजित हो रहे किसान न्याय आंदोलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को सौंपा जायेगा जिसे मुख्यमंत्री तक भेजा जायेगा। महाभियान के तीसरे चरण में बिछिया विधानसभा के अंजनियां के समीप ग्राम मांद में आज 22 जनवरी को किसान न्याय आंदोलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें जिले भर से लगभग 10 हजार किसान पहुंचने वाले हैं।
प्रदेश अध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष दिग्गज कांग्रेस नेताओं का हो रहा आगमन
बिछिया विधानसभा के ग्राम मांद में आज आयोजित हो रहे किसान न्याय आंदोलन में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का आगमन हो रहा है। जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी सहित कांग्रेस के 25 से अधिक विधायक सम्मिलित हो रहे हैं। इस वृहद आंदोलन को लेकर तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। यह पहली बार है जब मंडला में इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेतागण पहुंच रहे हैं। बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन में सम्मिलित होने की अपील की है।