सेवाजोहार (डिंडोरी):- आदिवासी जिला डिंडोरी के जनपद मेहंदवानी की ग्राम पंचायत सारंगपुर के अंतर्गत पोषक ग्राम कनेरी रैयत मुर्मी टोला, कछरा टोला मुख्य मार्ग से ग्राम कनेरी रैयत तक पक्की सड़क बनवाने के संबंध में ग्रामवासियों के द्वारा उप तहसील कार्यालय मेहंदवानी पहुंच कलेक्टर डिंडौरी के नाम शिकायत दी गई है।
शिकायत में लेख है कि ग्राम पंचायत सारंगपुर के अंतर्गत आने वाले पोषक ग्राम कनेरी रैयत मुर्मी टोला, कछरा टोला में मुख्य मार्ग शहपुरा – मेंहदवानी से ग्राम कनेरी रैयत तक पहुंच मार्ग कच्चा है, जिसकी दूरी लगभग 5 किलोमीटर है। ग्रामवासियों के द्वारा विगत कई वर्षों से अनेकों बार संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार शासन प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम एवं गांव के वरिष्ठों के द्वारा प्रत्यक्ष रूप से इस समस्या को अवगत कराया गया है परंतु अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है, जिससे ग्रामवासियों में असंतोष एवं निराशा की भावना बढ़ रही है।

ग्रामवासियों ने इस गंभीर समस्या की ओर शिकायत के जरिए ध्यान आकर्षित कराते हुए गुहार लगाई हैं कि ग्राम कनेरी रैयत तक पहुंचने वाली सड़क वर्षों से कच्ची एवं अव्यवस्थित है, जिसमें बड़े बड़े पत्थर निकलने के साथ गड्ढे हो चुके हैं, जिससे लगातार ग्रामवासियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के मौसम में यह मार्ग जलभरा, कीचड और फिसलन से भयावह हो जाता है ,जिससे ग्रामवासियों का सुरक्षित आवागमन नहीं हो पा रहा है।
पैदल एवं वाहन से आने जाने वाले ग्रामवासियों को प्रतिदिन जोखिम उठाना पड़ता है। मार्ग से परेशान ग्रामवासी शासन प्रशासन द्वारा प्रदत्त सुविधाएं आपातकालीन वाहन जैसे पुलिस वाहन, एम्बुलेंस, राशन गाड़ी जैसे अन्य वाहन गाँव तक नहीं पहुंच पाने के कारण इन सभी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। कई बार गाँव के ग्रामवासी इन समस्याओं क चलते गाँव के बीमार एवं गर्भवती महिलाओं को समय अनुसार अस्पताल नहीं पहुंचा पाते हैं।
गाँव के छात्र छात्राओं को साइकिल से स्कूल जाने में काफी समस्या होती है। इस समस्या के चलते वह समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित होती है। ग्रामवासियों द्वारा मांग की गई है कि उनकी इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र ही पक्की सड़क निर्माण कराया जाये ताकि समस्त ग्रामवासी सुरक्षित आवागमन कर सकें।