सेवाजोहार (डिंडोरी) : डिंडोरी नगर के मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज बड़े हर्ष और उल्लास के साथ प्रकाश पर्व दीपावली मनाई गई। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, दीपों और पुष्पों से सजाया गया, जिससे वातावरण आनंदमय और प्रकाशमय हो उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मिलकर पूरे परिसर को उत्सव की भावना से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने दीपावली के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं में दीप सजावट, रंगोली, पूजा थाली, मेंहदी, कार्ड निर्माण तथा सजावट प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी सृजनशीलता और कलात्मकता से विद्यालय परिसर को सुंदरता से सजा दिया।
विद्यालय में सर्वत्र उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ देकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान “बधाईयों की लहर” पूरे विद्यालय में फैल गई।
विद्यालय के प्राचार्य रेवरेंट फादर सी. बी. जॉर्ज ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि—
“दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और नफरत से प्रेम की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। इस पर्व के माध्यम से हमें आपसी सौहार्द, सहयोग और सकारात्मकता का संदेश अपनाना चाहिए।”
प्राचार्य के साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी एवं अन्य कर्मचारी एक-दूसरे को बधाई देते हुए पर्व की उमंग में शामिल हुए। विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी और विद्यार्थियों की मुस्कुराहट से जगमगा उठा।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक दीप प्रज्वलन और देश में शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ हुआ।