सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले के जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डिंडोरी से जबलपुर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित हो गई। हादसा शहपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत करौदी गांव के पास हुआ। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिन्हें हादसे के बाद भय और दहशत का माहौल झेलना पड़ा। जानकारी के अनुसार बस सामान्य रफ्तार में हाईवे से गुजर रही थी, तभी अचानक सड़क किनारे बने नल-जल योजना के अधूरे गड्ढे में बस का पहिया धँस गया। पहिया धँसने से बस का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे झुक गई। चालक की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नल-जल योजना के ठेकेदारों द्वारा सड़क किनारे की खुदाई पूरी करने के बाद मिट्टी को समतल नहीं किया गया, जिससे किनारों पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। यही लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदारों की इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों।
गनीमत यह रही कि बस पलटी नहीं, अन्यथा यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।