सेवाजोहार (डिंडौरी):- दिनांक 1 नवम्बर 2025 को डिंडौरी शहर के विद्यालय मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में 70वां मध्य प्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रेवरेंट फादर सी.बी. जॉर्ज, उप प्राचार्य फौजिया यासीनी, सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मध्य प्रदेश गीत और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। तत्पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं जिनमें लोक नृत्य, भाषण, कविता, लोकगीत और नाट्य प्रस्तुति शामिल रही। बच्चों ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।
पूरे विद्यालय परिसर में “जय मध्य प्रदेश, जय भारत” के नारों से गूंज उठी, और वातावरण में प्रदेश प्रेम की अनोखी छटा बिखर गई। विद्यार्थियों ने मध्य प्रदेश की विविध संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास को मंच पर जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य रेवरेंट फादर सी.बी. जॉर्ज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “मध्य प्रदेश हमारी पहचान है, हमें इसकी समृद्ध संस्कृति और विकास की दिशा पर गर्व होना चाहिए। नई पीढ़ी को राज्य के गौरव को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और प्राचार्य ने समस्त विद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय परिसर में हर्ष और गर्व का वातावरण व्याप्त रहा।