Thursday, March 5, 2026

प्रभारी मंत्री की बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ने उठाया मुद्दा,कहा : सोयाबीन का बीज देर से आया, जिससे किसानों को वितरण नहीं हो सका

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रभारी मंत्री  प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा, जनहित के कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश

सेवाजोहार (डिंडौरी): नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों जल संसाधन, जल निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, नगर परिषद डिंडौरी एवं शहपुरा, नर्मदा घाटी प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग तथा एनआरएलएम की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि “प्रत्येक विभाग अपने लंबित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करें और जनहित से जुड़े कार्यों में गति लाएँ।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से संबंधित योजनाएँ समय पर पूर्ण हों तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

कृषि विभाग पर सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री ने उपसंचालक कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद, बीज, सरसों, सोयाबीन और मसूर उपलब्ध कराए जाएँ ताकि किसान अपनी फसलों की बुआई समय पर कर सकें। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष  चमरू सिंह नेताम ने बैठक में कहा कि कई बार किसानों को खाद-बीज समय पर नहीं मिल पाते हैं “सोयाबीन का बीज देर से आया, जिससे किसानों को वितरण नहीं हो सका।” इस पर मंत्री प्रतिमा बागरी ने कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए और कहा कि ऐसी स्थिति दोबारा न हो। उन्होंने आगे कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाइयों एवं तेजस्विनी महिला संघों के माध्यम से मिलेट्स प्रोसेसिंग यूनिट संचालित करने के निर्देश भी दिए।
निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा
मंत्री प्रतिमा बागरी ने विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की जिनमें सांदीपनी विद्यालय, आईटीआई भवन, उपस्वास्थ्य केन्द्र, 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, आईपीएचएच लैब जिला चिकित्सालय, महाविद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर, अटल ग्राम सुशासन भवन एवं सामुदायिक भवन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि “सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएँ, लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने भारत सरकार की योजनाओं जनमन, धरती आबा, प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, मेडिकल मोबाइल यूनिट, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी केंद्र, छात्रावास एवं विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को गंभीरता से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर कोई भी शासकीय भवन, विद्यालय, स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनवाडी भवन, पंचायत भवन एवं किसी भी प्रकार के नव निर्मित भवन को बिना ग्राम पंचायत के प्रस्ताव या ग्राम पंचायत में एकत्र सभी लोगों को नवीन भवन की जानकारी देते हुए कि भवन तैयार हो गया है जिस हैण्डओवर लिया जाना है इस संबंध में पूर्ण तैयार की चर्चा की जाए यदि किसी प्रकार की कमी रहती है तो उसे हैण्डओवर न लिया जाए।

जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल
मंत्री बागरी ने लखपति दीदी, जल गंगा संवर्धन, एक बगिया माँ के नाम, आयुष्मान कार्ड, लोक चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय सिकल सेल एवं एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण अभियानों की समीक्षा करते हुए कहा कि “अधिकारियों को ग्रामीण अंचलों में निवासरत लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँच सके।”

अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्यवाही के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने दी जिले की प्रगति की जानकारी
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मंत्री के समक्ष जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि “पाटनगढ़ आर्ट और जियो टैग आधारित गोंडी चित्रकला जिला, राज्य और विदेशों में ख्याति प्राप्त कर रही है।” उन्होंने वन विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य कार्यों की भी जानकारी दी।

अंत में मंत्री के निर्देश
अंत में मंत्री  प्रतिमा बागरी ने कहा कि “सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। अधिकारीगण जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर योजनाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे