सेवाजोहार (डिंडोरी):- राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज डिंडौरी नगर में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी का शुभारंभ कलेक्ट्रेट तिराहा से हुआ, जो आनंदम दीदी कैफे तक बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुई। प्रभात फेरी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के जयघोष से नगर का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए नागरिकों में देशप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करना रहा। मार्ग में उपस्थित लोगों ने फेरी में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और राष्ट्रभक्ति के नारों से माहौल को जीवंत बना दिया।
प्रभात फेरी में नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता सारस, नगरपालिका उपाध्यक्ष सारिका नायक, सांसद प्रतिनिधि नरेन्द्र राजपूत, पार्षद रजनीश राय, भागीरथ उरैती, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थ्ति रहे।