मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिंडौरी की पहल
सेवाजोहार (डिंडोरी):- विद्यालय मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आदरणीय प्राचार्य रेवरेंड फादर सी.बी. जॉर्ज के दिशा-निर्देश अनुसार विद्यालय के शिक्षकों ने दिनांक 08 नवंबर 2025 को विद्यार्थियों के घरों का भ्रमण किया। इस दौरान शिक्षकों ने उन विद्यार्थियों के घरों का दौरा किया जो विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने जिले के साकेत नगर, हंस नगर, खनूजा कॉलोनी, सिविल लाइन, पुलिस लाइन, पुरानी डिंडौरी, नर्मदा गंज, सुबखार सहित अन्य क्षेत्रों का भी भ्रमण किया।
शिक्षकों ने बताया कि जहाँ भी वे पहुँचे, वहाँ अभिभावकों ने अत्यंत सम्मानपूर्वक उनका स्वागत किया। सभी अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
अभिभावकों का कहना था —
“हम अक्सर विद्यालय जाकर शिक्षकों से मिलते हैं, लेकिन आज यह देखकर बहुत खुशी हुई कि जो हमारे बच्चों को शिक्षा और जीवन मूल्यों का पाठ पढ़ाते हैं, वे स्वयं हमारे घर आए हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी पहल समय-समय पर होती रहे ताकि विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक मिलकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।