सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया
वृद्धजनों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी – कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया
सेवाजोहार (डिंडोरी):– सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत डिंडौरी के सभागार में वृद्धजन दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने की। इस अवसर पर उपस्थित वृद्धजनों का सम्मान किया गया तथा विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि समाज के किसी भी क्षेत्र में अच्छा कार्य करना और बुजुर्गों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को वृद्धजनों के सम्मान, सेवा और देखभाल के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
वृद्धजनों की देखभाल हमारी जिम्मेदारी – कलेक्टर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि आज हम जिस उम्र में हैं, कल हम भी वृद्धावस्था में पहुंचेंगे। हमारे माता-पिता, गुरुजनों और दादा-दादी ने बचपन में हमारा ख्याल रखा, संस्कार दिए और जीवन जीने का मार्ग दिखाया। ऐसे में वृद्धावस्था में उनकी देखभाल करना, उन्हें सम्मान और सुरक्षा देना तथा बेहतर जीवन उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वृद्धजन को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। समाज को वृद्धजनों के प्रति संवेदनशील रहते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे स्वयं को अकेला महसूस न करें और उन्हें परिवार तथा समाज का पूरा सहयोग मिले।
वृद्धजनों को वितरित किए हितलाभ
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों एवं अन्य हितग्राहियों को विभिन्न हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उनके अनुभवों और सुझावों को सुना गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, रेडक्रास समिति अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में वृद्धजन, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।