ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को मिलेंगी शासकीय योजनाओं की सेवाएं, पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिलेगा लाभ
3 अक्टूबर को करंजिया विकासखंड की ग्राम पंचायत झनकी में लगेगा जनविश्वास अभियान का शिविर
सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले में 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं हितलाभों का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदनों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित करना है। *3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित होंगे।* *इसके साथ ही 3 अक्टूबर को जनविश्वास अभियान के अंतर्गत विकासखंड करंजिया की ग्राम पंचायत झनकी में शिविर आयोजित किया जाएगा।* सभी शिविर प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।
शिविरों में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, स्वास्थ्य, श्रम, कृषि, पशुपालन, शिक्षा एवं विद्युत सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। नागरिकों को नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, खसरा-नक्शा, स्वामित्व अधिकार अभिलेख, पीएम किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, पेंशन, राशन तथा श्रमिक योजनाओं सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
मौके पर आवेदन, निराकरण एवं हितलाभ वितरण
शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ लंबित आवेदनों एवं समस्याओं के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का पंजीयन किया जाएगा तथा मौके पर निराकरण संभव नहीं होने वाले प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी। नागरिकों से अपील है कि संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित शिविरों में पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करें।
स्वामित्व योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री सहित राजस्व सेवाओं का मिलेगा लाभ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी में स्थित संपत्तियों के पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाती है। इससे संपत्ति संबंधी अधिकारों के दस्तावेज प्राप्त होने के साथ नागरिकों को अपनी संपत्ति के आर्थिक उपयोग में भी सहायता मिल सकती है।
जिले के नागरिक सेवा सेतु अभियान, जनविश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में पहुंचकर संबंधित विभागों की सेवाओं का लाभ उठाएं तथा अपने लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत करें।