सेवाजोहार (डिंडौरी) : जिले की एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी द्वारा विकासखंड समनापुर, अमरपुर और डिंडौरी के कृषि अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित ’’कोदो-कुटकी फसल पंजीयन कार्य’’ की विस्तृत समीक्षा की गई।
सुश्री मेरावी ने सभी कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसान राज्य शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जिले में पारंपरिक फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक अधिकारी को गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
बैठक में ’’पराली प्रबंधन’’ पर विशेष चर्चा करते हुए एसडीएम ने निर्देशित किया कि किसानों को पराली जलाने के बजाय आधुनिक कृषि उपकरणों जैसे ’’हैप्पी सीडर’’ एवं ’’सुपर सीडर’’ का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया जाए और उनके आवेदन शीघ्र कराए जाएं।
सुश्री मेरावी ने बताया कि यह पहल मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण तथा फसल उत्पादकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ’’15 नवम्बर’’ तक अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों की ’’शत-प्रतिशत पूर्ति’’ सुनिश्चित करें और प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।