सेवाजोहार (डिंडोरी):- प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिंडौरी में 75वां संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रेवरेंट फादर सीबी जॉर्ज, उप प्राचार्य फौजिया यासीनी, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। इसके पश्चात प्राचार्य रेवरेंट फादर सीबी जॉर्ज ने संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार ने एक स्वर में शपथ ली कि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहेंगे तथा समाज और देश के अन्य नागरिकों को भी जागरूक करेंगे।
संविधान दिवस के इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, क्विज एवं नृत्य जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम ने न केवल संविधान के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को भी मंच प्रदान किया।
अंत में प्राचार्य फादर जॉर्ज ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा सभी से देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लेने का आग्रह किया।