Wednesday, March 4, 2026

करंजिया के पाटनगढ़ में आरसेटी के दो प्रशिक्षण बैचों का सफल समापन, 70 प्रशिक्षार्थियों को मिले प्रमाण पत्र

सेवाजोहार (डिंडोरी):- सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), डिंडौरी द्वारा करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटनगढ़ स्थित हस्तकला भवन में संचालित दो प्रशिक्षण बैचों का सफलतापूर्वक समापन किया गया। उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह प्रशिक्षण पेपर मेसी एवं काष्ठ शिल्प विषयों पर आधारित रहा, जिसमें कुल 70 प्रशिक्षार्थियों ने सहभागिता की।
समापन कार्यक्रम में आरसेटी निदेशक एस.एस. समद, जिला प्रबंधक कौशल भगत सिंह आर्मों, आरसेटी फैकल्टी ओम मिश्रा, एनआरएलएम एबीएम शिव मंगल सिंह, एबीएम इंद्रसुधा तथा ग्राम पंचायत पाटनगढ़ के सरपंच चंद्र विजय कुशराम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान पेपर मेसी विषय में प्रशिक्षक फूलचंद धुर्वे एवं काष्ठ शिल्प विषय में प्रशिक्षक रामकुमार श्याम द्वारा प्रशिक्षार्थियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आवश्यक कौशल प्राप्त हुआ।
समापन अवसर पर प्रशिक्षार्थियों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत ऋण सुविधा, स्वरोजगार स्थापना की प्रक्रिया तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अतिथियों ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेकर प्रशिक्षार्थी अपने व्यवसाय को सुदृढ़ एवं स्थायी बना सकते हैं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आरसेटी द्वारा संचालित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी पहल हैं। अर्जित कौशल और शासकीय योजनाओं के समन्वय से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा आरसेटी डिंडौरी द्वारा ग्राम पंचायत एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर दिनेश श्याम, ओमप्रकाश यादव, ललित यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे