सेवाजोहार (डिंडोरी):- विद्यार्थियों को बाल संरक्षण कानून (POCSO Act) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डिंडौरी में दिनांक 03 फरवरी 2026, मंगलवार को पोस्को जागरूकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा नर्सरी से बारहवीं तक के सभी छात्र-छात्राएं, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा पाँचवीं, छठवीं एवं सातवीं के विद्यार्थियों द्वारा एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया गया।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में बालक-बालिकाओं के साथ होने वाली गलत घटनाओं, उनके शिकार होने के कारणों तथा उनसे बचाव के उपायों को अत्यंत संवेदनशील एवं सरल भाषा में प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के जरिए यह संदेश दिया गया कि बच्चों को अपने आसपास हो रही गतिविधियों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की गलत घटना की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को देनी चाहिए।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को गहराई से सोचने पर मजबूर किया। यह कार्यक्रम जानकारीपूर्ण, शिक्षाप्रद एवं जागरूकता बढ़ाने वाला रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।