सेवाजोहार (डिंडोरी):- राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में ओलंपियाड 2025-26 अंतर्गत जिला स्तरीय सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा द्वितीय से आठवीं तक के चयनित 32 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह का आयोजन जिला परियोजना समन्वयक श्वेता अग्रवाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अकादमिक परियोजना समन्वयक अमित गौलिया का विशेष योगदान रहा। साथ ही समस्त बीआरसीसी, अरुण चौबे, करण निधि शर्मा एवं रंजीत ब्यौहार सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करने और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।